त्रिदोष संतुलन से लेकर वजन नियंत्रण तक, पोषक तत्वों से भरपूर सुपरफूड ये पीला दाना

नई दिल्ली: भारतीय रसोई में आसानी से मिलने वाला मेथी दाना केवल स्वाद बढ़ाने वाला मसाला ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी औषधीय गुणों से भरपूर प्राकृतिक सुपरफूड भी माना जाता है। आयुर्वेद में इसे अमृत के समान बताया गया है, क्योंकि इसके छोटे-छोटे पीले बीज शरीर को अंदर से मजबूत बनाने और कई रोगों से बचाने की क्षमता रखते हैं।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, मेथी दाना त्रिदोषनाशक गुणों से युक्त होता है, अर्थात यह शरीर के तीनों दोष — वात, पित्त और कफ — को संतुलित रखने में मदद करता है। संतुलित त्रिदोष बेहतर पाचन, मजबूत प्रतिरोधक क्षमता और समग्र स्वास्थ्य के लिए आवश्यक माने जाते हैं। मेथी दाना पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत है, जिसमें फाइबर, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, विटामिन बी6 और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं।
वैज्ञानिक शोधों में भी यह सामने आया है कि मेथी के बीजों में मौजूद सैपोनिन और फेनोलिक यौगिक शरीर में सूजन कम करने, ब्लड शुगर स्तर को नियंत्रित रखने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि मेथी दानों को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट इसका सेवन किया जाए, तो इसके पोषक तत्व आसानी से शरीर में अवशोषित हो जाते हैं और अधिक प्रभावी परिणाम देते हैं।
नियमित रूप से मेथी पानी का सेवन पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। इससे गैस, एसिडिटी, कब्ज और अपच जैसी समस्याओं में राहत मिलती है तथा आंतों की सफाई बेहतर होती है। अच्छा पाचन शरीर में ऊर्जा स्तर बढ़ाने के साथ त्वचा पर प्राकृतिक निखार भी लाता है।
डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए भी मेथी दाना बेहद फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि यह रक्त शर्करा को संतुलित रखने में मदद करता है। वहीं, वजन नियंत्रित करने के इच्छुक लोगों के लिए यह एक प्रभावी घरेलू उपाय साबित हो सकता है। मेथी भूख को नियंत्रित करती है, लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करती है और अतिरिक्त चर्बी घटाने में सहायक होती है।
हृदय स्वास्थ्य के लिए भी मेथी का सेवन लाभकारी है। यह खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) को कम कर अच्छे कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) को बढ़ाने में मदद करती है, जिससे धमनियों में रुकावट का खतरा कम होता है और रक्त संचार बेहतर बना रहता है। आयुर्वेद में इसे हृदय पोषक औषधि माना गया है।
महिलाओं के स्वास्थ्य के संदर्भ में भी मेथी दाना विशेष रूप से उपयोगी है। यह हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में मदद करता है और पीसीओडी, थायरॉइड तथा अनियमित मासिक धर्म जैसी समस्याओं में राहत दे सकता है। इसके तत्व एस्ट्रोजन स्तर को संतुलित कर त्वचा और बालों को स्वस्थ एवं चमकदार बनाए रखने में योगदान देते हैं। साथ ही, इसके एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालकर त्वचा को साफ, स्वस्थ और युवा बनाए रखने में मदद करते हैं।
इस प्रकार, नियमित और संतुलित मात्रा में मेथी दाना का सेवन संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का एक सरल और प्राकृतिक उपाय माना जा सकता है। (With inputs from IANS)


