Sleep Quality: क्या आपका गद्दा छीन रहा है आपकी नींद? इन 6 संकेतों को न करें नजरअंदाज, वरना बढ़ सकता है शरीर का दर्द

नींद न पूरी होने के कारण अक्सर हमारा शरीर थका-थका महसूस करता है. लेकिन कई बार-बार नींद न आने की वजह आपका बिस्तर भी हो सकता है. एक पुराना और खराब गद्दा न केवल आपकी पीठ तोड़ सकता है, बल्कि यह एलर्जी और मानसिक तनाव का कारण भी बनता है. कई बार आप नींद में तो होते हैं लेकिन बिस्तर के चुभने की वजह से गहरी नींद नहीं हो पाती. समय के साथ गद्दे अपनी सपोर्ट करने की क्षमता खो देते हैं, जिससे शरीर के प्राकृतिक कर्व (Spine curvature) पर बुरा असर पड़ता है. गद्दे को बदलने का भी सही समय होता है, इसे आपको पहचानना होगा.
सोकर उठने पर शरीर में दर्द होना
अगर आप रोज सुबह गर्दन, कंधों, कमर या कूल्हों में जकड़न या दर्द महसूस करते हैं, तो समझ लीजिए कि आपका गद्दा अब शरीर को सहारा नहीं दे पा रहा है. इसे बदलने का समय आ गया है. गद्दे में पड़ने वाले स्थायी निशान (Body impressions) रीढ़ की हड्डी पर एक्स्ट्रा दबाव डालते हैं, जिससे पुराना दर्द शुरू हो सकता है.
गद्दे का फटना या दब जाना (Visible Wear)
गद्दे में बीच से झुकाव (Sagging), फटे हुए कोने, बाहर निकलती स्प्रिंग्स या गांठें (Lumps) दिखना इस बात का साफ संकेत हैं कि इसकी उम्र पूरी हो चुकी है. अगर आप गद्दे पर लेटने के बाद नीचे की जमीन या बेड का बेस महसूस कर रहे हैं, तो इसे तुरंत बदलें.
अस्थमा या एलर्जी का बढ़ना
पुराने गद्दे धूल के कीड़ों (Dust Mites), फफूंद (Mold) और बैक्टीरिया का घर बन जाते हैं. अगर आपको बिना किसी कारण के छींकें आ रही हैं, नाक बह रही है या सांस लेने में दिक्कत हो रही है, तो गद्दे में जमा गंदगी इसका कारण हो सकती है.
हर गद्दे की एक उम्र होती है जैसे- इनरस्प्रिंग- लगभग 8 साल. मेमोरी फोम- 8 से 10 साल. लेटेक्स या जेल- 10 से 15 साल. आमतौर पर विशेषज्ञों का सुझाव है कि सेहत को ध्यान में रखते हुए हर 6 से 8 साल में गद्दा बदल देना चाहिए.
सोते समय बहुत अधिक गर्मी लगना
अगर शुरुआत में आपका गद्दा ठंडा रहता था लेकिन अब आप पसीने से तर-बतर होकर उठते हैं, तो इसका मतलब है कि गद्दे का मटेरियल खराब हो गया है. पुराना होने पर फोम का एयरफ्लो (हवा का संचार) रुक जाता है, जिससे वह शरीर की गर्मी को सोखने लगता है.
रात भर करवटें बदलना (Trouble Sleeping)
अगर आपको बिस्तर पर नींद आने में बहुत समय लगता है या आप रात भर बेचैन रहते हैं, तो एक रात किसी दूसरे बिस्तर या होटल में सोकर देखें.अगर वहां आपको बेहतर नींद आती है, तो समस्या आपके गद्दे में है.


