नई दिल्ली: भारत में आमतौर पर लाल टमाटर का उपयोग लगभग हर रसोई में किया जाता है, लेकिन बहुत कम लोग इस बात से परिचित हैं कि काले टमाटर पोषण के मामले में लाल टमाटर से भी अधिक फायदेमंद माने जाते हैं। धीरे-धीरे देश के कुछ हिस्सों में काले टमाटर की खेती शुरू हो चुकी है, हालांकि अभी इसकी उपलब्धता सीमित क्षेत्रों तक ही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि काले टमाटर बाजार में उपलब्ध हों, तो उन्हें नियमित आहार का हिस्सा बनाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हो सकता है।

काले टमाटर की उत्पत्ति सबसे पहले ब्रिटेन में मानी जाती है, लेकिन अब भारतीय किसान भी इसके पोषण मूल्य को देखते हुए इसकी खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। स्वाद के मामले में भी यह सामान्य लाल टमाटर से अलग होता है। जहां लाल टमाटर हल्का खट्टा होता है, वहीं काले टमाटर का स्वाद हल्का मीठा और नमकीन होता है। इसका मुख्य कारण इसमें पाए जाने वाले एन्थोसाइनिन और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स हैं, जो इसे खास बनाते हैं।

काले टमाटर में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। इसके नियमित सेवन से ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है, क्योंकि यह रक्त वाहिकाओं पर पड़ने वाले दबाव को कम करता है। साथ ही, यह शरीर में ब्लड शुगर लेवल को संतुलित बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व पैनक्रियाज के कार्य को बेहतर बनाते हैं, जिससे शरीर में ग्लूकोज का स्तर नियंत्रित रहता है।

दिल की सेहत के लिए भी काला टमाटर बेहद लाभकारी माना जाता है। इसमें मौजूद एन्थोसाइनिन हृदय पर पड़ने वाले ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करता है और हृदय संबंधी समस्याओं के जोखिम को घटाने में मदद करता है। इसके अलावा, इसमें पाए जाने वाले विटामिन ए और सी आंखों की रोशनी बढ़ाने और रेटिना को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होते हैं।

काला टमाटर वजन नियंत्रित रखने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में भी मदद करता है। इसमें मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को संक्रमण से बचाने और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संतुलित मात्रा में इसका सेवन स्वस्थ जीवनशैली को बनाए रखने में उपयोगी साबित हो सकता है। (With inputs from IANS)

IANSBlack tomato benefitsBlack tomato nutrition

Topic:

काला टमाटर पोषक तत्वों से भरपूर होता है और दिल की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।
Khushi Chittoria
Khushi Chittoria

Khushi Chittoria joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Editorial Intern. She holds a degree in Bachelor of Arts in Journalism and Mass Communication from IP University and has completed certifications in content writing. She has a strong interest in anchoring, content writing, and editing. At Medical Dialogues, Khushi works in the editorial department, web stories and anchoring.