नई दिल्ली: आज मोटापा सिर्फ एक बाहरी दिखावे या वजन बढ़ने की समस्या नहीं रहा, बल्कि यह कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का बड़ा कारण बन चुका है। विशेषज्ञों के अनुसार, मोटापा हृदय रोग, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, जोड़ों में दर्द और अन्य गंभीर बीमारियों के जोखिम को कई गुना बढ़ा देता है। इस कारण से बढ़ते वजन की समस्या को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट ऐसे आसान और प्रभावी उपाय सुझाते हैं, जो मोटापे को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं।

नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) की रिपोर्ट के अनुसार, मोटापे की समस्या अब केवल वयस्कों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों में भी तेजी से बढ़ रही है। आज की व्यस्त और भागदौड़ भरी जिंदगी में जंक फूड का अधिक सेवन, शारीरिक गतिविधियों की कमी, लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठना और अनियमित जीवनशैली इसके मुख्य कारण बन गए हैं।

बच्चों में मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर पर लंबे समय तक बैठना उनकी शारीरिक सक्रियता को कम करता है, जबकि वयस्कों में ऑफिस की नौकरी, तनाव और फास्ट फूड की आदतें मोटापे को और बढ़ावा देती हैं।

विशेषज्ञ बताते हैं कि मोटापा केवल वजन बढ़ने तक सीमित नहीं रहता। यह शरीर में सूजन पैदा करता है, इंसुलिन प्रतिरोध बढ़ाता है और धमनियों में फैट जमने से हृदय रोगों का खतरा बढ़ता है। एनएचएम के अनुसार, जीवनशैली में बदलाव करके मोटापे पर नियंत्रण पाया जा सकता है, और दवाइयों की तुलना में यह तरीका ज्यादा कारगर है।

मोटापे को रोकने या नियंत्रित करने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि या व्यायाम करना बेहद जरूरी है। इसमें तेज चलना, साइकिल चलाना, योगाभ्यास या खेलकूद शामिल किया जा सकता है। आहार में संतुलन बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है। घर का बना खाना, ताजी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और कम तेल-चीनी का सेवन मोटापे पर नियंत्रण रखने में मदद करता है। वहीं, जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाना जरूरी है।

बच्चों के लिए स्क्रीन टाइम को सीमित करना महत्वपूर्ण है। उन्हें टीवी, मोबाइल या कंप्यूटर पर दो घंटे से अधिक समय नहीं बिताने देना चाहिए। पर्याप्त नींद लेना भी मोटापे पर नियंत्रण रखने में मदद करता है। रात में सात से आठ घंटे की अच्छी नींद शरीर की चयापचय प्रक्रिया और वजन प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा, सक्रिय जीवनशैली अपनाना भी जरूरी है। लिफ्ट की बजाय सीढ़ियां चढ़ें, छोटे-छोटे काम खुद करें और लंबे समय तक बैठे रहने से बचें।

इन आसान लेकिन प्रभावी उपायों को अपनाकर मोटापे की समस्या पर काबू पाया जा सकता है और जीवन को स्वस्थ और सक्रिय बनाया जा सकता है। (With inputs from IANS)

IANSObesityHeart DiseaseDiabetes

Topic:

मोटापा कई बीमारियों का कारण, आसान उपायों से करें नियंत्रण।
Khushi Chittoria
Khushi Chittoria

Khushi Chittoria joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Editorial Intern. She holds a degree in Bachelor of Arts in Journalism and Mass Communication from IP University and has completed certifications in content writing. She has a strong interest in anchoring, content writing, and editing. At Medical Dialogues, Khushi works in the editorial department, web stories and anchoring.