क्या आपको भी होता है शरीर के एक हिस्से में दर्द या झुनझुनी? नजरअंदाज न करें, यह 'Shingles' हो सकता है

बढ़ती उम्र के साथ पुरानी बीमारियों (Chronic Conditions) के साथ जीना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. अक्सर पीठ दर्द, त्वचा में झुनझुनी या संवेदनशीलता को हम "बढ़ती उम्र का लक्षण" मानकर छोड़ देते हैं. लेकिन अगर यह शिंगल्स (Shingles) है, तो इसे अनदेखा करना भारी पड़ सकता है. इंडिया शिंगल्स एक्शन सर्वे 2026 के अनुसार, 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरानी बीमारियों से ग्रस्त 3 में से 1 व्यक्ति ने शिंगल्स के कारण इतने गंभीर दर्द की शिकायत की है कि उनका काम और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
शिंगल्स क्या है और इसके शुरुआती लक्षण?
शिंगल्स (जिसे हर्पीज जोस्टर भी कहा जाता है) की शुरुआत शरीर के किसी एक तरफ स्थानीय दर्द, जलन या झुनझुनी से होती है. इसके बाद दर्दनाक लाल चकत्ते (Rash) निकल आते हैं. कई मामलों में, यह गंभीर तंत्रिका दर्द (Nerve Pain) का रूप ले लेता है जो महीनों या सालों तक बना रह सकता है.
पुरानी बीमारियों वाले लोगों को अधिक खतरा
फोर्टिस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के नेफ्रोलॉजी चेयरमैन डॉ. संजीव गुलाटी बताते हैं कि, शिंगल्स उस वायरस (वेरिसेला जोस्टर) के कारण होता है जो बचपन में चिकनपॉक्स के बाद शरीर में सुप्त अवस्था में रहता है. उम्र बढ़ने या इम्युनिटी कमजोर होने पर यह दोबारा सक्रिय हो जाता है.
मधुमेह के रोगियों में शिंगल्स होने का खतरा बहुत अधिक होता है.डायबिटीज वाले लोगों में पोस्टहर्पेटिक न्यूराल्जिया (PHN) होने की संभावना अधिक होती है, जो एक असहनीय नसों का दर्द है. शिंगल्स न केवल दर्द देता है, बल्कि यह शरीर में ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करना भी और अधिक कठिन बना देता है.
बचाव के लिए 4 अहम कदम
शिंगल्स से बचने के लिए आपको अपनी जीवनशैली में किसी क्रांतिकारी बदलाव की जरूरत नहीं है, बल्कि छोटी और निरंतर आदतों पर ध्यान देना जरूरी है. अगर आपको डायबिटीज, हृदय रोग या अस्थमा है, तो अपनी स्थिति को कंट्रोल रखें, ताकि इम्युनिटी पर एक्स्ट्रा दबाव न पड़े.
गहरी नींद आपके इम्यून सिस्टम की मरम्मत और रिकवरी में मदद करती है. विटामिन और खनिजों से भरपूर आहार शरीर की रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाता है. नियमित शारीरिक गतिविधि रक्त संचार (Circulation) और इम्यून सेल्स की गतिशीलता में सुधार करती है. डॉ. गुलाटी बताते हैं कि ये रोजमर्रा की छोटी चीजें शिंगल्स के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच तैयार करने में मदद करती हैं.


