महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए वरदान है पवनमुक्तासन, जानिए लाभ

महिलाओं के लिए योग सिर्फ शारीरिक फिटनेस तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह उनके अंदरूनी स्वास्थ्य और मासिक धर्म संबंधी परेशानियों को भी ठीक करने में मदद करता है. ऐसा ही एक योगासन है पवनमुक्तासन. इसे करने से पाचन और प्रजनन अंगों के कई काम बेहतर होते हैं. अक्सर महिलाओं को गैस, पेट फूलना या कब्ज जैसी समस्याएं होती हैं, जो दिनभर की टेंशन और असुविधा बढ़ा देती हैं। रोज़ाना पवनमुक्तासन करने से पेट की मांसपेशियां हल्की मालिश जैसी सक्रियता पाती हैं और गैस आसानी से बाहर निकल जाती है. इससे पेट में भारीपन और सूजन कम होती है और पाचन भी सही तरीके से काम करता है.
इस आसन को करना बहुत आसान है
जब पेट और पाचन तंत्र सही तरीके से काम करते हैं, तो शरीर की ऊर्जा भी बढ़ती है और महिलाओं को दिनभर तरोताजा महसूस होता है. साथ ही, यह आसन कब्ज़ से राहत दिलाने में भी मदद करता है, जो आजकल की लाइफस्टाइल में आम समस्या बन गई है. इस आसन को करना बहुत आसान है और इसके लिए किसी भी खास उपकरण की जरूरत नहीं होती.
इसे दिन में 2–3 बार करने से फर्क महसूस होने लगता है
आप अपने योग मैट या फर्श पर लेटकर अपने घुटनों को धीरे-धीरे सीने की तरफ लाते हैं और हाथों से उन्हें पकड़ लेते हैं। कुछ सेकंड तक इस स्थिति में रहकर फिर धीरे-धीरे पैरों को जमीन पर छोड़ते हैं। इसे दिन में 2–3 बार करने से फर्क महसूस होने लगता है. इसे आप सुबह खाली पेट या शाम को हल्का भोजन करने के कुछ समय बाद कर सकती हैं. यह केवल पेट की समस्याओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह पेल्विक और प्रजनन अंगों की मांसपेशियों को भी मजबूत करता है. मजबूत पेल्विक मसल्स महिलाओं में मासिक धर्म को नियमित रखने में मदद करते हैं और प्रजनन स्वास्थ्य भी बेहतर होता है.
प्रजनन से जुड़ी समस्याओं में भी मददगार साबित हो सकता है
पवनमुक्तासन से महिलाओं में अक्सर देखने को मिलने वाली मासिक धर्म की तकलीफें जैसे पेट दर्द, ऐंठन या अनियमितता कम हो सकती हैं। यह आसन शरीर को आराम देता है, तनाव कम करता है और नींद में सुधार लाता है. अगर इसे लगातार किया जाए, तो यह गर्भधारण या प्रजनन से जुड़ी समस्याओं में भी मददगार साबित हो सकता है. मसल्स की हल्की मसाज और रक्त प्रवाह में सुधार प्रजनन अंगों के स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है. इसके अलावा, पवनमुक्तासन करने से शरीर में खून का प्रवाह भी सही रहता है, जिससे महिलाओं में थकान और कमजोरी कम महसूस होती है.
Input IANS


