भारतीय खाने में कच्चा प्याज एक अहम हिस्सा माना जाता है। सलाद से लेकर दाल-रोटी तक, इसे खाने के साथ जोड़ना आम बात है. प्याज में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन सी और कई जरूरी तत्व पाए जाते हैं. लेकिन हर हेल्दी चीज हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं होता. मेडिकल रिसर्च बताती है कि कच्चा प्याज कुछ खास परिस्थितियों में शरीर को फायदा देने के बजाय नुकसान भी पहुंचा सकता है. इसलिए यह समझना जरूरी है कि किन लोगों को इसे नहीं खाना चाहिए.

कच्चा प्याज खाने के नुकसान

जिन लोगों को पाचन से जुड़ी दिक्कतें रहती हैं, उन्हें प्याज के सेवन से बचना चाहिए. वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, कच्चे प्याज में ऐसे कार्बोहाइड्रेट होते हैं जो आंत में पूरी तरह पच नहीं पाते. इन्हें फोडमैप कहा जाता है, जो पेट में गैस बनने की वजह बन सकते हैं. जिन लोगों को पहले से गैस, पेट फूलना या अपच की समस्या रहती है, उनके लिए कच्चा प्याज खाने के बाद ये परेशानी और बढ़ सकती है.

कच्चा प्याज ट्रिगर का काम कर सकता है

इसी तरह, एसिडिटी या सीने में जलन की समस्या वाले लोगों को भी कच्चे प्याज से दूरी बनाकर रखनी चाहिए. हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि कच्चा प्याज पेट में एसिड के स्तर को बढ़ा सकता है. इससे एसिड रिफ्लक्स की समस्या तेज हो सकती है, जिसमें खाना वापस गले की ओर आने लगता है. इसके कारण सीने में जलन, खट्टी डकार और गले में जलन जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं. जिन लोगों को पहले से यह समस्या रहती है, उनके लिए कच्चा प्याज ट्रिगर का काम कर सकता है.

कुछ मामलों में कच्चा प्याज एलर्जी की वजह भी बन सकता है. हालांकि, यह समस्या हर किसी में नहीं होती, लेकिन जिन लोगों को प्याज से एलर्जी होती है, उनके शरीर में तुरंत प्रतिक्रिया दिखाई दे सकती है. रिसर्च बताती है कि ऐसे लोगों को त्वचा पर खुजली, लाल चकत्ते, सूजन या सांस लेने में परेशानी तक हो सकती है. अगर किसी व्यक्ति को प्याज खाने के बाद ऐसे लक्षण दिखें, तो उसे तुरंत इसका सेवन बंद कर देना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

डॉक्टर की सलाह के बिना ज्यादा मात्रा में कच्चा प्याज नहीं खाना चाहिए

ब्लड प्रेशर और खास तरह की दवाएं लेने वाले लोगों के लिए भी सावधानी जरूरी है. कच्चे प्याज में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो खून को पतला करने में मदद कर सकते हैं. सामान्य स्थिति में यह दिल के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति पहले से ब्लड थिनर दवाएं ले रहा है, तो यह असर ज्यादा बढ़ सकता है. इसलिए ऐसे लोगों को डॉक्टर की सलाह के बिना ज्यादा मात्रा में कच्चा प्याज नहीं खाना चाहिए.

सर्जरी से जुड़े मामलों में भी कच्चा प्याज नुकसानदायक हो सकता है. मेडिकल गाइडलाइंस के अनुसार, ऑपरेशन से पहले और बाद में ऐसी चीजों से बचने की सलाह दी जाती है जो खून को पतला करती हैं. कच्चा प्याज भी इसी श्रेणी में आता है। अगर किसी व्यक्ति का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है, तो इसके सेवन से ब्लीडिंग का खतरा बढ़ सकता है और रिकवरी पर असर पड़ सकता है.

input IANS

onion juicegreen onions

Topic:

भारतीय खाने में कच्चा प्याज एक अहम हिस्सा माना जाता है. सलाद से लेकर दाल-रोटी तक, इसे खाने के साथ जोड़ना आम बात है.
IANS
IANS