आमतौर पर खाना खाने के बाद लोग अच्छा महसूस करते हैं, लेकिन कुछ लोगों को भोजन के तुरंत बाद पसीना आने और बेचैनी जैसी समस्याएं होने लगती हैं।

कुछ लोगों को अचानक गर्मी भी महसूस होती है, जो सामान्य लक्षण नहीं माना जाता। यह इस बात का संकेत हो सकता है कि शरीर के अंदर कोई समस्या चल रही है। आयुर्वेद में इन लक्षणों को पाचन संबंधी गड़बड़ी से जोड़कर देखा जाता है। भले ही ये लक्षण साधारण लगें, लेकिन ये शरीर के भीतर बढ़ती गर्मी की ओर इशारा करते हैं।

आयुर्वेद के अनुसार, जब शरीर में पाचन अग्नि का स्तर बढ़ जाता है, तो शरीर अधिक गर्म महसूस करने लगता है। ऐसी स्थिति में भोजन ठीक से पच नहीं पाता और शरीर के अंदर गर्मी बढ़ने लगती है, जिससे पसीना आना शुरू हो जाता है। इसके अलावा, तला-भुना या ज्यादा मसालेदार भोजन करने से पित्त बढ़ता है, जिससे शरीर में गर्मी बढ़ जाती है। पित्त बढ़ने पर सीने में जलन, खट्टी डकार, अत्यधिक गैस और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिससे पाचन भी प्रभावित होता है और खाने के बाद बेचैनी महसूस होती है।

कई बार गलत फूड कॉम्बिनेशन का सेवन भी शरीर पर नकारात्मक असर डालता है। इससे पाचन अग्नि प्रभावित होती है और शरीर में गर्मी का स्तर बढ़ जाता है। लिवर की कार्यप्रणाली खराब होने पर भी पाचन पर असर पड़ता है। जब लिवर ठीक से काम नहीं करता, तो शरीर भोजन को सही तरीके से प्रोसेस नहीं कर पाता, जिससे खाना न पचने के बाद बेचैनी और घबराहट होने लगती है।

इन समस्याओं से राहत पाने के लिए संतुलित आहार लेना बेहद जरूरी है। हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन करें। तला-भुना और ज्यादा मसालेदार खाने से परहेज करें। साथ ही आहार में पित्त को शांत करने वाली चीजों को शामिल करें। इससे शरीर की गर्मी संतुलित होगी, पाचन बेहतर होगा और खाने के बाद होने वाली परेशानी में राहत मिलेगी।

With Inputs From IANS

IANSHeatPitta Connection

Topic:

खाना खाने के बाद कुछ लोगों को पसीना और बेचैनी महसूस होने लगती है, जो सामान्य नहीं है।
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya