गर्भधारण से पहले क्यों जरूरी है प्रीकॉन्सेप्शन केयर? जानिए क्या कहता है आयुर्वेद

आज के समय में हर दंपत्ति चाहता है कि उनका होने वाला बच्चा शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और बुद्धिमान हो. लेकिन बहुत से लोग यह नहीं जानते कि एक स्वस्थ संतान की शुरुआत गर्भधारण से पहले ही हो जाती है। आयुर्वेद में इसे गर्भाधान संस्कार या प्रीकॉन्सेप्शन केयर कहा गया है. आयुर्वेद के अनुसार अगर गर्भधारण सही तैयारी के साथ किया जाए तो इससे स्वस्थ संतान प्राप्त होने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए आयुर्वेद में कहा गया है कि संतान केवल संयोग से नहीं, बल्कि सही योजना और तैयारी से होनी चाहिए।
गर्भधारण से पहले सबसे जरूरी कदम होता है पति-पत्नी के स्वास्थ्य का सही आकलन। आयुर्वेद में सलाह दी जाती है कि दंपत्ति अपनी सामान्य स्वास्थ्य स्थिति, जीवनशैली, खान-पान, कामकाज और पारिवारिक बीमारियों का पूरा ध्यान रखें। अगर किसी को मधुमेह, उच्च रक्तचाप, किडनी से जुड़ी बीमारी, हार्मोन से जुड़ी समस्या या कोई पुरानी बीमारी है, तो पहले उसका सही इलाज कराना जरूरी होता है.
इसके अलावा धूम्रपान, शराब या किसी भी तरह की नशे की आदत हो तो उसे छोड़ना बहुत जरूरी माना गया है, क्योंकि इनका सीधा असर आने वाली संतान के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है. इसलिए आयुर्वेद गर्भधारण से पहले स्वास्थ्य जांच और डॉक्टर की सलाह लेने पर जोर देता है.
पंचकर्म चिकित्सा
आयुर्वेद में शरीर को शुद्ध और संतुलित बनाने के लिए पंचकर्म चिकित्सा का भी उल्लेख मिलता है. पंचकर्म के जरिए शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने की प्रक्रिया की जाती है, जिससे शरीर गर्भधारण के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सके। इसके साथ ही कुछ आयुर्वेदिक औषधियां भी शरीर की शक्ति और प्रजनन क्षमता को बेहतर बनाने में मदद करती हैं।
इन जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल फायदेमंद
महिलाओं के लिए शतावरी, गिलोय, आंवला और बला जैसी औषधियां उपयोगी मानी गई हैं, जबकि पुरुषों के लिए अश्वगंधा, च्यवनप्राश और आंवला रसायन जैसी चीजें शरीर को ताकत और ऊर्जा देने में सहायक मानी जाती हैं, हालांकि इनका सेवन हमेशा विशेषज्ञ की सलाह से ही करना चाहिए.
गर्भधारण की तैयारी में केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है. आयुर्वेद के अनुसार तनाव, चिंता और नकारात्मक भावनाएं शरीर के संतुलन को बिगाड़ सकती हैं. इसलिए गर्भधारण की योजना बना रहे दंपत्ति को योग, प्राणायाम और ध्यान जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए. संगीत सुनना, सकारात्मक सोच रखना और खुशहाल वातावरण में रहना भी मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है.
इसके अलावा सही आहार भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. संतुलित और पौष्टिक भोजन शरीर को आवश्यक ऊर्जा और पोषण देता है. खासकर महिलाओं को अपने खान-पान और आराम का विशेष ध्यान रखना चाहिए. बहुत ज्यादा शारीरिक या मानसिक तनाव से बचना चाहिए और शरीर को पर्याप्त आराम देना चाहिए.
Input IANS


