केंद्रीय योजना से अमरावती में 69 किडनी ट्रांसप्लांट सफल, लाखों का खर्च बचा, मरीजों ने जताया आभार

अमरावती: केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) और महाराष्ट्र सरकार की महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना (एमजेपीजेएवाई) गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही हैं। इन योजनाओं के जरिए अमरावती के शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में हजारों मरीजों को मुफ्त और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं, जिससे उनके इलाज का भारी खर्च बच रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस साल अब तक यहां इन दोनों योजनाओं के तहत 44,000 से अधिक सर्जरी मुफ्त में सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। इतनी बड़ी संख्या में निःशुल्क सर्जरी करने के कारण यह अस्पताल राज्य के प्रमुख सरकारी संस्थानों में शामिल हो गया है। यहां मरीजों को बिना किसी आर्थिक बोझ के आधुनिक और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
अस्पताल में अब तक 69 किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं, जबकि 15,000 से अधिक मरीजों का डायलिसिस किया गया है। इसके अलावा, यहां 1,000 से ज्यादा न्यूरोसर्जरी, 5,000 कैंसर मरीजों की कीमोथेरेपी और 8,000 से अधिक किडनी स्टोन की सर्जरी भी सफलतापूर्वक की गई हैं।
आमतौर पर निजी अस्पतालों में इन उपचारों पर 5 से 10 लाख रुपये या उससे अधिक खर्च हो सकता है, लेकिन इन सरकारी योजनाओं की वजह से गरीब परिवारों को यह सारी सेवाएं पूरी तरह मुफ्त मिल रही हैं।
कई मरीजों और उनके परिजनों ने सफल इलाज के बाद भावुक होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अस्पताल के डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया। एक मरीज के परिजन ने बताया कि उनके पति की किडनी पिछले डेढ़ साल से ठीक से काम नहीं कर रही थी।
निजी अस्पतालों में इलाज कराने के दौरान परिवार करीब 18 लाख रुपये खर्च कर चुका था। बाद में उनके ससुर ने किडनी दान की, जिसके बाद अस्पताल में ट्रांसप्लांट सर्जरी की गई और ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजना के कारण इलाज में कोई अतिरिक्त खर्च नहीं हुआ और अब मरीज स्वस्थ जीवन जी रहा है।
अस्पताल के डीन डॉ. अमोल नरोटे और उनकी टीम ने इन जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें मुंबई में ‘हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे’ पुरस्कार से सम्मानित किया है।
डॉ. नरोटे ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की बदौलत अस्पताल गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान कर पा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि नए डिजिटल पोर्टल के शुरू होने से योजना का लाभ लेना और भी आसान हो गया है।
इन योजनाओं के तहत गरीब परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर एबी-पीएमजेएवाई के तहत प्रति परिवार 5 लाख रुपये और एमजेपीजेएवाई के तहत 1.5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है।
अमरावती सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, यूरोलॉजी और ट्रांसप्लांट जैसी कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हैं। डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ की समर्पित सेवा की बदौलत यह अस्पताल गरीब मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बनता जा रहा है। (With inputs from IANS)


