सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ी जंग, महाराष्ट्र में शुरू हुआ HPV टीकाकरण अभियान, 9.84 लाख लड़कियों को मिलेगी सुरक्षा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र राज्य स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं के स्वास्थ्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. राज्य सरकार ने ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) के खिलाफ एक व्यापक टीकाकरण अभियान शुरू किया है, जिसका लक्ष्य 9 से 14 साल की आयु की लगभग 9.84 लाख लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाना है.
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने किया अभियान का आगाज
मुंबई में इस अभियान का शुभारंभ करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा, "इलाज से बेहतर बचाव है (Prevention is better than cure). यह टीकाकरण अभियान महिलाओं के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है."
'माता सुरक्षित तो घर सुरक्षित' पहल की सफलता
शिंदे ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान शुरू की गई ‘माता सुरक्षित, घर सुरक्षित’ पहल को याद करते हुए बताया कि उस दौरान तीन करोड़ महिलाओं की जांच की गई थी. इस अभियान के कारण लगभग 10,000 महिलाओं में कैंसर का शुरुआती चरण में पता चल सका, जिससे समय रहते उनका इलाज संभव हो पाया.
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की योजना
उपमुख्य मंत्री ने राज्य के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं है कि गांवों में तैनात 8 मैमोग्राफी स्क्रीनिंग वाहनों ने अब तक 2.91 करोड़ महिलाओं की जांच की है. जरूरत पड़ने पर सरकार और अधिक वाहन खरीदने पर विचार कर रही है. राज्य में कई अस्पतालों के भवन 60% से 70% तक बन चुके हैं. इन्हें पूरा करने के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और वर्ल्ड बैंक से कम ब्याज दर पर फंड लेने के प्रयास जारी हैं. स्वास्थ्य ढांचे के विकास के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल को भी मंजूरी दी गई है.
स्वास्थ्य योद्धाओं का सम्मान
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने सार्वजनिक स्वास्थ्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला डॉक्टरों, सर्जनों, नर्सों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबिटकर, राज्य मंत्री मेघना बोर्डीकर और स्वास्थ्य आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.


