किचन की इन 6 चीजों से पाएं ग्लोइंग स्किन और स्ट्रॉन्ग इम्यूनिटी, भाग्यश्री ने मैजिक वाटर के फायदे

मुंबई: अभिनेत्री भाग्यश्री फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर अक्सर अपने फैंस को प्रेरित करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास हेल्थ ड्रिंक साझा की, जिसे उन्होंने “मैजिक वॉटर” नाम दिया है।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में उन्होंने इस आसान ड्रिंक को बनाने की विधि और इसके फायदे बताए। उनके अनुसार, इस पानी को नियमित रूप से पीने से त्वचा में निखार आता है, इम्यूनिटी मजबूत होती है और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
इस ड्रिंक को तैयार करने के लिए किचन में आसानी से मिलने वाली चीजें — दालचीनी, लौंग, इलायची, तेज पत्ता, पुदीना और चक्र फूल — गुनगुने पानी में डालकर लगभग आठ घंटे तक भिगोकर रखा जाता है। सुबह खाली पेट इसे पीना बेहतर माना गया है।
भाग्यश्री ने इन सामग्रियों के गुणों के बारे में बताते हुए कहा कि दालचीनी और लौंग रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक हैं, जबकि पुदीना और इलायची शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन सुधारते हैं। तेज पत्ता और चक्र फूल शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने और सूजन कम करने में मदद करते हैं। इस तरह यह पेय अंदरूनी स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, जिसका असर त्वचा की चमक पर भी दिखता है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि इसे कम से कम दो हफ्ते नियमित रूप से अपनाकर फर्क महसूस किया जा सकता है।
भाग्यश्री का संबंध शाही परिवार से है और उन्होंने 1989 में फिल्म “मैंने प्यार किया” से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। बाद में हिमालय दासानी से विवाह के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली, हालांकि आज भी वह स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े कंटेंट के जरिए लोगों को जागरूक करती रहती हैं। (With inputs from IANS)


