विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (DSCI) द्वारा कैंसर जागरूकता, रोकथाम एवं शीघ्र पहचान को समर्पित एक व्यापक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री, दिल्ली सरकार डॉ. पंकज सिंह द्वारा CAPS कार्यक्रम (Cancer Awareness, Prevention and Screening Programme) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और समयबद्ध बनाना है।

यह कार्यक्रम दिल्ली सचिवालय, आई.पी. एस्टेट स्थित सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, गैर-सरकारी संगठन (NGO) तथा आम नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में माननीय स्वास्थ्य मंत्री, दिल्ली सरकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. तपस्या राघव, विशेष सचिव (स्वास्थ्य), दिल्ली सरकार, ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. विनोद कुमार, निदेशक, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने CAPS कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा,

“कैंसर से लड़ाई में जागरूकता, समय पर स्क्रीनिंग और सामुदायिक भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। महिलाओं की स्क्रीनिंग को प्राथमिकता देते हुए CAPS कार्यक्रम के अंतर्गत एक मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन शुरू की जाएगी। यह वैन HPV डीएनए परीक्षण और मैमोग्राफी सुविधाओं से सुसज्जित होगी। इसे पूर्व-निर्धारित तिथियों और समय पर बाजारों, सरकारी कार्यालयों, बैंकों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि महिलाएं अपने दैनिक कार्यों में बाधा डाले बिना आसानी से जांच करा सकें।”

उन्होंने यह भी बताया कि महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य को अंतिम प्राथमिकता देती हैं और कैंसर स्क्रीनिंग को एक अनदेखा करती हैं, जबकि यह एक आवश्यकता है।

CAPS कार्यक्रम इस सोच को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर कैंसर से जुड़े मिथकों को दूर करने, उपचार को लेकर भय कम करने, तंबाकू विरोधी पहलों को बढ़ावा देने तथा संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार HPV टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी विशेष बल दिया गया।

सभा को संबोधित करते हुए माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा,

“दिल्ली के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मैं हर आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। मैं आप सभी स्वास्थ्य योद्धाओं के साथ हूं। दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में हम कार्य कर रहे हैं। HPV वैक्सीन भी जल्द ही पुनः शुरू की जाएगी।”

कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रज्ञा शुक्ला, विभागाध्यक्ष, क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी, DSCI ने स्क्रीनिंग के माध्यम से कैंसर की शीघ्र पहचान के महत्व और कैंसर के प्रति जागरूकता को लेकर जानकारी दी.

डिजिटल स्वास्थ्य की भूमिका पर श्री गौरव कुमार, सह-संस्थापक, बिगओहेल्थ (BigOHealth) ने “लास्ट-माइल कैंसर अवेयरनेस” विषय पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का समापन डॉ. रविंदर सिंह, संयुक्त निदेशक, DSCI द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के उपरांत एक कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वाइकल कैंसर की जांच (HPV परीक्षण – 50) तथा स्तन कैंसर की जांच एवं मैमोग्राफी ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की गई।

इसके अतिरिक्त, DSCI की एक अन्य पहल PANKH (Prevention, Awareness, Nutrition, Knowledge and Hope) के अंतर्गत एक सरकारी विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और कैंसर रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

अस्पताल परिसर में एक कविता पाठ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसने मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को भावनात्मक संबल प्रदान किया।

इस अवसर पर तिब्बती कैंसर सोसाइटी ने भी DSCI परिसर में सक्रिय भागीदारी की। संस्था द्वारा एक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा बाल चिकित्सा वार्ड के बच्चों और अस्पताल कर्मियों को उपहार वितरित किए गए। तिब्बती कैंसर सोसाइटी के निदेशक श्री त्सुलत्रिम दोरजी ने कहा,

“सच्चा उपचार शरीर, मन और आत्मा तीनों की एक साथ देखभाल से ही संभव है। मानवता को स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी है और हमारा उद्देश्य पीड़ा को कम करना तथा करुणा को कर्म में बदलना है।”

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम (NP-NCD) के अंतर्गत DSCI में सर्वाइकल कैंसर की VIA (एसिटिक एसिड द्वारा दृश्य परीक्षण) प्रशिक्षण कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में डॉ. विनीता कुमार जग्गी, सहायक प्रोफेसर, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी तथा डॉ. ध्रुव जैन, सहायक प्रोफेसर, ऑन्को-पैथोलॉजी, DSCI द्वारा दिल्ली सरकार के 08 मेडिकल अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।

CAPS ProgrammeDelhi State Cancer InstituteWorld Cancer Day

Topic:

महिलाओं के लिए सुलभ कैंसर स्क्रीनिंग और जन-जागरूकता पर विशेष जोर
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya

Kanchan Chaurasiya joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Marketing Coordinator. She holds a Bachelor's degree in Arts from Delhi University and has completed certifications in digital marketing. With a strong interest in health news, content creation, hospital updates, and emerging trends, Kanchan manages social media, news coverage, and public relations activities. She coordinates media outreach, creates press releases, promotes healthcare professionals and institutions, and supports health awareness campaigns to ensure accurate, engaging, and timely communication for the medical community and the public.