'पुष्पा 2' फेम एक्ट्रेस डॉ. श्रीलीला ने हासिल की MBBS की डिग्री, एक्टिंग के साथ पूरी की मेडिकल की पढ़ाई

साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस श्रीलीला (Sreeleela) इन दिनों अपनी फिल्म के कारण नहीं, बल्कि अपनी एक बड़ी निजी उपलब्धि के चलते चर्चा में हैं. 24 वर्षीय अभिनेत्री ने मुंबई की डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी (DY Patil University) से अपनी मेडिकल की शिक्षा पूरी कर ली है और अब आधिकारिक तौर पर एक डॉक्टर बन गई हैं. इंटरनेट पर उनके दीक्षांत समारोह (Convocation) की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह मैरून रंग के गाउन में अपनी डिग्री स्वीकार करते हुए बेहद खुश नजर आ रही हैं.
कठिन मेहनत और समर्पण की मिसाल
श्रीलीला का यह सफर आसान नहीं था. पिछले छह वर्षों से वह अपनी फिल्मों की शूटिंग और एमबीबीएस (MBBS) की कठिन पढ़ाई के बीच संतुलन बना रही थीं. वायरल वीडियो में उन्हें मंच पर अपना नाम पुकारे जाने का इंतजार करते हुए और डिग्री मिलने के बाद अपने परिवार को गले लगाते हुए देखा जा सकता है। 2020 बैच की इस छात्रा ने साबित कर दिया कि समर्पण हो तो किसी भी दो बड़े लक्ष्यों को एक साथ पाया जा सकता है.
फैंस की प्रतिक्रिया, "ब्यूटी विद ब्रेन्स"
इंटरनेट पर फैंस श्रीलीला की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "ब्यूटी विद ब्रेन्स! अपनी कला और पढ़ाई दोनों के प्रति उनके समर्पण के लिए बहुत सम्मान. डॉ. श्रीलीला को बधाई!" वहीं, कुछ लोगों ने इस बात की भी सराहना की कि निजी यूनिवर्सिटी होने के बावजूद मेडिकल का पाठ्यक्रम उतना ही कठिन होता है जितना किसी सरकारी कॉलेज में। फैंस उन्हें "गॉड्स फेवरेट" (भगवान की पसंदीदा) बता रहे हैं।
श्रीलीला का फिल्मी सफर और आने वाले प्रोजेक्ट्स
2001 में अमेरिका के डेट्रायट में जन्मी और बेंगलुरु में पली-बढ़ी श्रीलीला की मां, स्वर्णलता, भी बेंगलुरु में एक प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ (Gynaecologist) हैं. श्रीलीला को'पुष्पा 2' के वायरल डांस नंबर'किस्सिक' (Kissik) से देशव्यापी लोकप्रियता मिली.
उनकी करियर प्रोफाइल
डेब्यू-2017 की तेलुगु फिल्म 'चित्रांगदा' से शुरुआत की, लेकिन मुख्य अभिनेत्री के रूप में उनकी पहली फिल्म 2019 की कन्नड़ फिल्म 'किस्स' (Kiss) थी. हालिया सफलता-10 जनवरी 2026 को रिलीज हुई उनकी तमिल फिल्म'पराशक्ति'(निर्देशक सुधा कोंगरा) में वह शिवकार्तिकेयन के साथ नजर आईं. भविष्य की फिल्में-वह पवन कल्याण के साथ'उस्ताद भगत सिंह' में और कार्तिक आर्यन के साथ बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार हैं.


