नई दिल्ली: आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में फिटनेस और मानसिक शांति दोनों ही बेहद जरूरी हो गए हैं। ऐसे में लोग योग की ओर रुख कर रहे हैं और विभिन्न विधाओं को अपना रहे हैं। इनमें बिक्रम योग खास माना जाता है, जिसे हॉट योगा भी कहा जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इसके लाभ सही तरीके और सावधानी से अभ्यास करने पर ही मिलते हैं।

बिक्रम योग शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी को बढ़ाता है। जब ये योग 40 डिग्री के आसपास गर्म कमरे में किया जाता है, तो शरीर जल्दी गर्म हो जाता है और मांसपेशियां ढीली पड़ने लगती हैं। इससे मुश्किल से मुश्किल आसनों को करना थोड़ा आसान हो जाता है और शरीर धीरे-धीरे ज्यादा लचीला बनता है। जिन लोगों को जकड़न की समस्या रहती है, उनके लिए यह खासतौर पर फायदेमंद हो सकता है।

इसके अलावा, यह योग पूरे शरीर की मांसपेशियों पर गहराई से काम करता है। बिक्रम योग में 26 आसनों की एक शृंखला है, जिसमें शरीर के लगभग हर हिस्से को सक्रिय किया जाता है। इससे मसल्स स्ट्रेंथ बढ़ती है और उनकी टोनिंग होने लगती है। नियमित अभ्यास से लोग अपने शरीर को स्लिम और फिट महसूस करते हैं।

बिक्रम योग डिटॉक्सिफिकेशन यानी शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में भी मदद करता है। इसके अलावा, यह मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी असरदार है। यह तनाव, चिंता और मानसिक दबाव को कम करने में मदद करता है।

दिल और रक्त संचार प्रणाली के लिए भी यह योग फायदेमंद होता है। गर्म माहौल में एक्सरसाइज करने से हार्ट रेट बढ़ता है, जिससे कार्डियोवस्कुलर सिस्टम मजबूत होता है। हालांकि, जिन लोगों को पहले से दिल या ब्लड प्रेशर की समस्या है, उन्हें इसे करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

अब बात करें इसके अभ्यास की, तो बिक्रम योग को एक खास तापमान और नमी वाले कमरे में किया जाता है, जहां लगभग 40 डिग्री तापमान और 40 प्रतिशत ह्यूमिडिटी रहती है। इसमें 26 तय आसन और 2 श्वास अभ्यास किए जाते हैं। हर आसन को एक निश्चित क्रम में दो बार दोहराया जाता है।

शुरुआत करने वालों के लिए यह योग थोड़ा कठिन लग सकता है, इसलिए जरूरी है कि धीरे-धीरे इसकी आदत डाली जाए। इस योग को करने से पहले और बाद में पर्याप्त पानी पीना बहुत जरूरी होता है, ताकि शरीर डिहाइड्रेशन से बचा रहे। (With inputs from IANS)

IANSBikram yogahot yoga benefitsyoga practice India

Topic:

बिक्रम योग नियमित करने से मानसिक तनाव कम होता है और मन को गहरी शांति मिलती है।
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya

Kanchan Chaurasiya joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Marketing Coordinator. She holds a Bachelor's degree in Arts from Delhi University and has completed certifications in digital marketing. With a strong interest in health news, content creation, hospital updates, and emerging trends, Kanchan manages social media, news coverage, and public relations activities. She coordinates media outreach, creates press releases, promotes healthcare professionals and institutions, and supports health awareness campaigns to ensure accurate, engaging, and timely communication for the medical community and the public.