नई दिल्ली: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग अक्सर खाने-पीने और व्यायाम के लिए समय नहीं निकाल पाते। ऐसी स्थिति में शरीर धीरे-धीरे कई शारीरिक समस्याओं का सामना करता है। लेकिन अगर दिन में सिर्फ कुछ मिनट निकाले जाएं, तो एक सरल योगासन आपकी सेहत सुधारने में मदद कर सकता है। इसका नाम है वज्रासन।

वज्रासन एक सरल और प्रभावी योगासन है, जिसे करने के लिए किसी खास जगह या लंबे समय की आवश्यकता नहीं होती। इसे घर, ऑफिस या भोजन के बाद भी आराम से किया जा सकता है, इसलिए योग विशेषज्ञ इसे रोजाना करने की सलाह देते हैं।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, वज्रासन पाचन तंत्र को मजबूत करता है, जांघों और पिंडलियों की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और मानसिक शांति प्रदान करता है। यह एकमात्र योगासन है जिसे भोजन के तुरंत बाद किया जा सकता है, जिससे कब्ज, एसिडिटी और पेट से जुड़ी अन्य परेशानियों में राहत मिलती है।

इसके नियमित अभ्यास से उच्च रक्तचाप की समस्या भी कम हो सकती है। वज्रासन में बैठकर लंबी और गहरी सांस लेने से फेफड़े मजबूत होते हैं और शरीर में ताकत आती है। जिन लोगों का पेट बाहर निकला होता है, वे रोज वज्रासन करने से कुछ ही समय में पेट की शेप सुधार सकते हैं।

साथ ही, वज्रासन मानसिक तनाव कम करने, मन की एकाग्रता बढ़ाने और दिमाग को शांत रखने में भी मदद करता है। अगर किसी के पास ज्यादा समय नहीं है, तो केवल भोजन के बाद 5-10 मिनट बैठकर वज्रासन करने से भी एसिडिटी, ब्लोटिंग और मांसपेशियों की कमजोरी में तुरंत सुधार महसूस होता है।

यह आसान योगासन शरीर और मन दोनों को संतुलित रखने का एक प्रभावी तरीका है। (With inputs from IANS)

IANSVajrasanayoga postureacidity relief

Topic:

वज्रासन वह विशेष योगासन है जिसे भोजन के तुरंत बाद भी सुरक्षित रूप से किया जा सकता है।
MD Bureau
MD Bureau