नई दिल्ली: जैसे ही गर्मियों की आहट शुरू होती है, ठंडा और ताजगी देने वाला पेय पीने का मन करने लगता है। अक्सर लोग गर्मी से राहत पाने के लिए फलों के जूस की ओर रुख करते हैं, लेकिन हर जूस सेहत के लिए फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं है। मौसमी, संतरा या अनार जैसे फलों का जूस स्वादिष्ट जरूर होता है, पर जब इन्हें छानकर बनाया जाता है तो इनका अधिकांश फाइबर निकल जाता है। ऐसे में यह रक्त में शर्करा (ब्लड शुगर) का स्तर तेजी से बढ़ा सकता है।

ऐसे मौसम में लौकी का जूस एक बेहतर और हल्का विकल्प माना जाता है। भले ही कई लोग लौकी का नाम सुनते ही नाक-भौं सिकोड़ लें, लेकिन यह साधारण दिखने वाली सब्जी पोषण से भरपूर होती है। लौकी की सब्जी, रायता, थेपला या जूस—हर रूप में यह शरीर के लिए लाभकारी है। आयुर्वेद में लौकी को शीतल, हल्की और पित्त को शांत करने वाली माना गया है। यह शरीर की अतिरिक्त गर्मी को कम करती है, पाचन तंत्र को संतुलित रखती है और आंतरिक शुद्धि में मदद करती है।



वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें तो लौकी में कैलोरी बहुत कम होती है, जबकि पानी और पोटैशियम की मात्रा अच्छी होती है। यही कारण है कि यह शरीर को हाइड्रेट रखने, रक्तचाप को संतुलित करने और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक मानी जाती है। हालांकि, किसी भी जूस की तरह इसे भी सही समय पर पीना जरूरी है।

घर पर लौकी का जूस बनाना बेहद आसान है। सबसे पहले ताजी, हरी और छोटी लौकी चुनें। ध्यान रखें कि लौकी कड़वी न हो, इसलिए काटकर पहले उसका स्वाद जरूर चख लें। इसके बाद लौकी को छीलकर टुकड़ों में काट लें। इसमें खीरे के कुछ टुकड़े, थोड़ा सा ताजा पुदीना और स्वादानुसार नींबू का रस मिलाकर मिक्सी में पीस लें। इस मिश्रण से जूस का स्वाद भी बेहतर हो जाता है और पोषक तत्व भी बने रहते हैं। कोशिश करें कि जूस तुरंत ही पिएं, क्योंकि ज्यादा देर रखने पर इसका रंग और स्वाद बदल सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, लौकी का जूस सुबह खाली पेट पीना अधिक लाभकारी होता है। इससे शरीर की सफाई प्रक्रिया को बल मिलता है, पाचन क्रिया सक्रिय होती है और मेटाबॉलिज्म को गति मिलती है। नियमित सेवन से कब्ज, गैस, पेट फूलना और भारीपन जैसी समस्याओं में भी राहत मिल सकती है। गर्मियों में हल्का, ठंडक देने वाला और पोषण से भरपूर पेय चाहें तो लौकी का जूस एक सरल और असरदार विकल्प साबित हो सकता है। (With Inputs From Ians)

bottlegourdlaukilauki ka juicesummer health drink

Topic:

गर्मियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही ठंडा और ताजगी से भरा जूस पीने का मन करता है, लेकिन हर फल का जूस सेहत के लिए अच्छा हो, यह जरूरी नहीं है।
Khushi Chittoria
Khushi Chittoria

Khushi Chittoria joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Editorial Intern. She holds a degree in Bachelor of Arts in Journalism and Mass Communication from IP University and has completed certifications in content writing. She has a strong interest in anchoring, content writing, and editing. At Medical Dialogues, Khushi works in the editorial department, web stories and anchoring.