नई दिल्ली: आयुर्वेद में प्राचीन समय से ही प्रकृति से प्राप्त जड़ी-बूटियों के माध्यम से विभिन्न रोगों के उपचार की परंपरा रही है। प्रकृति की गोद में कई ऐसी औषधीय वनस्पतियां मौजूद हैं, जो एक साथ अनेक बीमारियों में लाभकारी होती हैं। ऐसी ही एक महत्वपूर्ण जड़ी-बूटी ब्राह्मी है। यह एक औषधीय पौधा है, जो पूरे भारत में पाया जाता है और आयुर्वेद में सदियों से इसका उपयोग किया जा रहा है। इसकी खास पहचान यह है कि इसकी एक टहनी पर अनेक छोटे-छोटे पत्ते होते हैं।

ब्राह्मी के सेवन के कई फायदे शरीर को मिलते हैं। यह मानसिक तनाव को कम करता है, याददाश्त को तेज करता है, मंद पाचन को ठीक करता है, और खून साफ करके त्वचा को बेहतर करता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ब्राह्मी का दूध शरीर को मिलने वाले फायदों को दोगुना कर देता है?

आज के समय में सुकून भरी नींद पाना बहुत मुश्किल है। तनाव और भागदौड़ भरी जिंदगी की वजह से नींद बाधित होती है। नींद बाधित होने की वजह से पूरा शरीर कमजोर और बेजान महसूस करता है। चेहरे पर नींद की कमी का सबसे ज्यादा असर दिखता है, ऐसे में नींद को संतुलित करना सबसे ज्यादा जरूरी है। इन सब परेशानियों से ब्राह्मी का दूध राहत दिला सकता है।

इसके लिए एक गिलास दूध को गर्म करें और उसमें ब्राह्मी का चूर्ण मिलाएं। इसके साथ ही तनाव को कम करने और स्वाद को बढ़ाने के लिए इलायची भी मिला सकते हैं। इसे रात में सोने से 1 घंटा पहले लें और कुछ देर टहलें। यह चमत्कारी दूध नींद को बेहतर बनाने में मदद करता है।

आयुर्वेद के अनुसार ब्राह्मी दूध एक प्राकृतिक या शक्तिशाली समाधान है, जो मन को शांत करता है और गहरी नींद देता है। ब्राह्मी को आयुर्वेद में मस्तिष्क को ताकत देने वाली संजीवनी कहा जाता है। यह मस्तिष्क को शांत करती है, जिससे अनिद्रा से राहत मिलती है; तंत्रिका तंत्र को आराम देकर चिंता को नियंत्रित किया जाता है, मस्तिष्क की कार्यप्रणाली में सुधार लाने में मदद करता है; ध्यान केंद्रित करता है और एकाग्रता को बढ़ाता है। इसके साथ ही ज़्यादा थकान महसूस होने पर इस दूध का सेवन कर सकते हैं।

इस दूध का सेवन बच्चों से लेकर बड़े तक कर सकते हैं, लेकिन गर्भवती महिलाओं को सेवन से पहले चिकित्सक की सलाह जरूर लेनी चाहिए। (With inputs from IANS)


IANSAyurvedaHerbal MedicineBrain Health

Topic:

ब्राह्मी दूध मानसिक तनाव कम कर याददाश्त और एकाग्रता को बेहतर बनाने में मदद करता है।
Khushi Chittoria
Khushi Chittoria

Khushi Chittoria joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Editorial Intern. She holds a degree in Bachelor of Arts in Journalism and Mass Communication from IP University and has completed certifications in content writing. She has a strong interest in anchoring, content writing, and editing. At Medical Dialogues, Khushi works in the editorial department, web stories and anchoring.