नई दिल्ली: आजकल कम उम्र में ही सफेद बालों की समस्या देखने को मिल रही है। सफेद बालों का बढ़ना केवल उम्र बढ़ने का संकेत नहीं है, बल्कि यह शरीर में पोषण की कमी को भी दर्शाता है।बाल सफेद होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन आयुर्वेद में इसे बढ़ते पित्त और खराब जीवनशैली से जोड़कर देखा गया है। असंतुलित पित्त दोष न सिर्फ बालों के सफेद होने का मुख्य कारण होता है, बल्कि पेट से जुड़े रोग भी पित्त के असंतुलन की वजह से ही होते हैं।

आयुर्वेद के अनुसार, असमय बालों के सफेद होने के पीछे का मुख्य कारण पित्त दोष का बढ़ना, गलत खान-पान, तनाव और खराब जीवनशैली है। अगर जीवनशैली को नियमित कर लिया जाए और वात को भी संतुलित कर लिया जाए, तो सफेद बालों की समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है। इसके लिए आयुर्वेद में कई तरीके भी बताए गए हैं। सफेद बालों की वृद्धि को रोकने के लिए शरीर को अंदर और बाहर दोनों तरफ के पोषण का ध्यान देना जरूरी है।

सबसे पहले पित्त को संतुलित करने की जरूरत है। इसके लिए कम मसालेदार और कम तैलीय भोजन का सेवन करें, चाय, खट्टी चीजें, कॉफी, और अधिक नमक वाली चीजों को आहार में कम करें। ये सभी खाद्य पदार्थ शरीर में पित्त को बढ़ाते हैं। आयुर्वेद में सफेद बालों की समस्या से निपटने के लिए आहार का वर्णन भी किया गया है।

इसके लिए आहार में आंवला, चुकंदर, घी, काली मुनक्का, शतावरी और त्रिफला चूर्ण को शामिल करें। बालों में शुद्ध नारियल तेल और भृंगराज तेल से हफ्ते में दो बार मालिश करें। इससे काफी हद तक सफेद बालों की समस्या को रोका जा सकता है।

बालों के असमय सफेद होने के पीछे का एक कारण मानसिक तनाव भी है। आधी-अधूरी नींद, आंखों पर अत्याधिक दबाव, गुस्सा और चिड़चिड़ेपन की वजह से भी मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है। ऐसे में नींद पूरी लें और अपने गुस्से पर नियंत्रण करें। खुद को शांत रखने के लिए खुली हवा में सांस लें और कोशिश करें कि जितना हो सके, प्रकृति के साथ समय बिताएं। (With inputs from IANS)


IANSWhite hairHair healthStress

Topic:

आजकल कम उम्र में ही सफेद बाल आम हो गए हैं, जो अक्सर पोषण की कमी का संकेत होते हैं।
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya

Kanchan Chaurasiya joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Marketing Coordinator. She holds a Bachelor's degree in Arts from Delhi University and has completed certifications in digital marketing. With a strong interest in health news, content creation, hospital updates, and emerging trends, Kanchan manages social media, news coverage, and public relations activities. She coordinates media outreach, creates press releases, promotes healthcare professionals and institutions, and supports health awareness campaigns to ensure accurate, engaging, and timely communication for the medical community and the public.