नई दिल्ली: मेनोपॉज हर महिला के जीवन में एक स्वाभाविक और महत्वपूर्ण चरण है, लेकिन इसके दौरान होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलाव कभी-कभी दिनचर्या को चुनौतीपूर्ण बना सकते हैं। अचानक गर्मी लगना, मूड स्विंग, नींद की समस्या, थकान या शरीर में भारीपन जैसी परेशानियाँ आम तौर पर देखी जाती हैं। कई महिलाओं के लिए ये बदलाव तनावपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन थोड़ी समझदारी, सही खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस चरण को सहज और संतुलित बनाया जा सकता है।

सबसे पहले अपने आहार पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। मेनोपॉज के दौरान शरीर को अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता होती है। इसलिए हल्का और संतुलित भोजन लेना लाभकारी रहता है। अपने आहार में ताजे और मौसमी फल शामिल करें, क्योंकि ये विटामिन और मिनरल प्रदान करके ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा हल्के अनाज जैसे गेहूं, पुराना चावल और मूंग दाल को शामिल करना अच्छा रहता है। थोड़ी मात्रा में घी का सेवन भी शरीर को ताकत देता है और पाचन को बेहतर बनाता है।

मेनोपॉज केवल खान-पान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दैनिक दिनचर्या भी इस समय महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। योग और ध्यान के लिए रोजाना कुछ समय निकालना तन और मन दोनों को राहत देता है। योगासन मांसपेशियों की जकड़न को कम करते हैं, लचीलापन बढ़ाते हैं और तनाव को घटाते हैं।

ध्यान मानसिक शांति प्रदान करता है और मूड स्विंग जैसी समस्याओं को कम करता है। अगर महिलाओं को ज्यादा तनाव या बेचैनी महसूस होती है, तो नियमित ध्यान और गहरी सांस लेने के अभ्यास बहुत फायदेमंद होते हैं।

सांस से जुड़े सरल व्यायाम भी शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं। रोज कुछ मिनट धीमी और गहरी सांस लेने का अभ्यास करने से शरीर में ऑक्सीजन का स्तर बेहतर होता है और मन हल्का महसूस करता है। हल्की-फुल्की शारीरिक गतिविधियां जैसे सुबह-शाम टहलना भी अपनाना फायदेमंद है। इससे शरीर सक्रिय रहता है और नींद भी बेहतर आती है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मेनोपॉज को किसी बीमारी के रूप में न देखें, बल्कि इसे जीवन का एक स्वाभाविक बदलाव मानें। इस समय शरीर की जरूरतों को समझना और खुद का ध्यान रखना आवश्यक है। आयुर्वेद में भी कहा गया है कि संतुलित आहार, नियमित योग और ध्यान, और सकारात्मक सोच के माध्यम से इस दौर को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित तरीके से जिया जा सकता है। (With inputs from IANS)

IANSMenopauseWomen’s HealthMood Swings

Topic:

मेनोपॉज के दौरान जीवन को आसान बनाने के लिए अपनाएं ये सरल और प्रभावी उपाय।
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya

Kanchan Chaurasiya joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Marketing Coordinator. She holds a Bachelor's degree in Arts from Delhi University and has completed certifications in digital marketing. With a strong interest in health news, content creation, hospital updates, and emerging trends, Kanchan manages social media, news coverage, and public relations activities. She coordinates media outreach, creates press releases, promotes healthcare professionals and institutions, and supports health awareness campaigns to ensure accurate, engaging, and timely communication for the medical community and the public.