हर वक्त महसूस होती है थकान? कहीं आपको 'विटामिन B1' की कमी तो नहीं? जानें लक्षण और बचाव के उपाय

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर वक्त थका हुआ महसूस करना एक आम बात बन गई है. अक्सर लोग इसे काम का तनाव या बढ़ती उम्र समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन, ब्रिटिश जनरल प्रैक्टिशनर डॉ. सरमेद मेजर ने हाल ही में एक चौंकाने वाली जानकारी शेयर की है. उनके अनुसार, बिना किसी स्पष्ट कारण के लगातार थकान महसूस होना थायमिन (Thiamine) यानी विटामिन B1 की कमी का संकेत हो सकता है.
क्यों अनदेखी रह जाती है विटामिन B1 की कमी?
डॉ. मेजर के अनुसार, नियमित मेडिकल चेकअप में थायमिन की जांच 'शायद ही कभी' की जाती है. इसके लक्षण अन्य सामान्य बीमारियों से इतने मिलते-जुलते हैं कि डॉक्टर और मरीज दोनों भ्रमित हो जाते हैं.हमारा शरीर केवल 20-30 दिनों के लिए थायमिन स्टोर कर सकता है. कुछ कारणों से यह भंडार जल्दी खत्म हो जाता है जैसे चीनी और मैदा पचाने के लिए शरीर को अधिक थायमिन की जरूरत होती है. अल्कोहल शरीर में थायमिन के अवशोषण को रोकता है. ब्लड प्रेशर के लिए ली जाने वाली कुछ 'डिउरेटिक्स' (Diuretics) दवाएं किडनी के जरिए थायमिन को शरीर से बाहर निकाल देती हैं.
विटामिन B1 की कमी के लक्षण
शुरुआती दौर में इसके लक्षण बहुत ही सामान्य होते हैं, जैसे भरपूर नींद के बाद भी ऊर्जा की कमी, मूड में अचानक बदलाव और गुस्सा आना. छोटी-छोटी बातें भूल जाना. दिमाग में धुंधलापन और ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई. अगर लंबे समय तक इसकी कमी बनी रहे, तो यह 'बेरीबेरी' (Beriberi)नामक रोग का रूप ले सकती है, जो नसों और दिल को गंभीर नुकसान पहुंचाता है.
समाधान: कैसे बढ़ाएं थायमिन का स्तर?
डॉ. मेजर के अनुसार, इस समस्या का समाधान काफी सरल है. साबुत अनाज, फलियां, मेवे (Nuts) और सूरजमुखी के बीज थायमिन के अच्छे स्रोत हैं. बुजुर्गों, खराब खान-पान वाले लोगों या शराब पर निर्भर व्यक्तियों के लिए डॉक्टर 'लिपिड-सॉल्यूबल थायमिन' सप्लीमेंट की सलाह देते हैं. थायमिन का स्तर सुधरते ही शरीर भोजन को ऊर्जा में बदलने की क्षमता वापस पा लेता है, जिससे वर्षों पुरानी थकान कुछ ही हफ्तों में दूर हो सकती है.


