Weight Loss Pill: वजन घटाने के लिए आई नई दवा 'Foundayo', बिना इंजेक्शन कम होगा 11% वजन, जानें इसके फायदे और कीमत

मोटापा और वेट कंट्रोल मैनेजमेंट की दुनिया में एक बड़ी क्रांति हुई है. दवा निर्माता एली लिली (Eli Lilly) ने Foundayo (Orforglipron) लॉन्च किया है, जो वजन घटाने वाली पहली ऐसी GLP-1 दवा है जिसे आप दिन में कभी भी, खाने के साथ या बिना ले सकते हैं. बढ़ते वजन और मोटापे से परेशान लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है. अब वजन घटाने के लिए दर्दनाक इंजेक्शनों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. Foundayo एक 'वन्स-डेली' (दिन में एक बार) ली जाने वाली गोली है, जिसे विशेष रूप से उन लोगों के लिए बनाया गया है जो मोटापे या अधिक वजन के साथ-साथ हाई ब्लड प्रेशर या टाइप-2 डायबिटीज जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं.
Foundayo की खासियत: पिछली दवाओं से कितनी अलग?
अभी तक बाजार में उपलब्ध GLP-1 दवाएं अक्सर खाली पेट या बहुत सारे पानी के साथ लेनी पड़ती थीं. लेकिन Foundayo की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे आप दिन के किसी भी समय, भोजन और पानी के साथ या उसके बिना ले सकते हैं. 72 हफ्तों तक चले रिसर्च में इस दवा के शानदार रिजल्ट देखा गया है. 17.2 mg की खुराक लेने वाले मरीजों के वजन में औसतन 11% (लगभग 11-12 किलो) की कमी देखी गई. डायबिटीज के बिना 54.5 प्रतिशत लोगों और डायबिटीज वाले 45 प्रतिशत लोगों ने कम से कम 10 प्रतिशत वजन कम किया. साथ ही, मरीजों के ब्लड प्रेशर, कमर के घेरे और ट्राइग्लिसराइड्स (Lipid Profile) में भी सुधार दर्ज किया गया.
इस्तेमाल का तरीका और खुराक (Dosage)
इस टैबलेट को चबाना, तोड़ना या कुचलना नहीं है, बल्कि पूरा निगलना है. डॉक्टर इसे कम खुराक (0.8 mg) से शुरू करेंगे ताकि आपका पेट इसके अनुकूल हो सके. हर 30 दिन में डॉक्टर धीरे-धीरे खुराक बढ़ाकर अधिकतम 17.2 mg तक ले जा सकते हैं. अगर आप डोज भूल जाते हैं, तो याद आने पर तुरंत लें. लेकिन एक साथ दो खुराक न लें.
सावधानियां और साइड इफेक्ट्स
किसी भी अन्य दवा की तरह, इसके भी कुछ सामान्य दुष्प्रभाव हो सकते हैं जैसे मतली, दस्त, कब्ज, सिरदर्द और थकान. हालांकि, कुछ गंभीर बातों का ध्यान रखना जरूरी है. अगर आपकी कोई सर्जरी होने वाली है, तो कम से कम 2 सप्ताह पहले अपनी सर्जिकल टीम को इसके बारे में बताएं., क्योंकि यह दवा एनेस्थीसिया को प्रभावित कर सकती है.
गर्भनिरोधक- यह दवा पेट खाली होने की गति को धीमा कर देती है, जिससे गर्भनिरोधक गोलियां (Birth Control Pills) कम प्रभावी हो सकती हैं. इलाज के पहले महीने और हर डोज बढ़ाने के बाद 30 दिनों तक कंडोम जैसे बैकअप तरीकों का उपयोग करें. अगर परिवार में थायराइड कैंसर का इतिहास है, तो इसका सेवन न करें. पेट में तेज दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें, क्योंकि यह पैंक्रियाटाइटिस का संकेत हो सकता है.
कीमत और उपलब्धता
एली लिली के अनुसार, अमेरिका में इसकी शिपिंग 6 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है. जरूरतमंद मरीजों के लिए सेविंग कार्ड के जरिए इसकी कीमत हर महीने $25 (लगभग ₹2100) जितनी कम हो सकती है, जबकि शुरुआती सेल्फ-पे विकल्प $149 से शुरू है. भारत में इसकी उपलब्धता और कीमत के लिए स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के निर्देशों का इंतजार करना होगा. ऐसी किसी भी दवा को शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर की राय जरूरी लें.


