सुबह की जकड़न से राहत दिलाएगी आमवातारि वटी

नई दिल्ली: आजकल लंबे समय तक कुर्सी पर बैठकर काम करने की वजह से मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और उनमें जकड़न भी महसूस होने लगती है।इसके साथ ही वात की वृद्धि की वजह से जोड़ों में दर्द की समस्या भी होने लगती है। कई लोगों को सुबह उठते के साथ ही शरीर में भारीपन, जकड़न और जोड़ों में दर्द की परेशानी से दो-चार होना पड़ता है, ऐसी स्थिति से छुटकारा पाने के लिए आयुर्वेद में आमवातारि वटी का प्रयोग करने की सलाह दी जाती है।
आयुर्वेद में जोड़ों में दर्द, सूजन और अकड़न का कारण वात और मंद पाचन को माना जाता है। पाचन मंद होने की वजह से शरीर में आम (टॉक्सिन) बढ़ने लगते हैं। आम की वजह से आंतों में गंभीर संक्रमण और जोड़ों में दर्द और रूमेटॉइड और आर्थराइटिस की समस्या होती है।
इन सब कारणों से शरीर चलने-फिरने में असमर्थ हो जाता है और दर्द से बेहाल शरीर को रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी होती है। इन सभी परेशानियों से निजात पाने के लिए आयुर्वेद आमवातारि वटी का सेवन करने की सलाह देता है। इसके सेवन से जोड़ों की सूजन, दर्द और अकड़न से राहत मिलती है, लेकिन इसका सेवन चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही करें।
आमवातारि वटी आयुर्वेद की सबसे प्रभावी जड़ी-बूटियों का मेल है। इसे बनाने में शुद्ध गुग्गुलु, चित्रक मूल, त्रिफला (आंवला, हरड़, बहेड़ा), शुद्ध पारद (पारा), और शुद्ध गंधक का इस्तेमाल होता है। इसके सेवन से पेट संबंधी रोगों को भी कमी आती है और मंद पाचन भी तेज होता है।
आमवातारि वटी के सेवन के साथ जीवनशैली में बदलाव करने भी आवश्यक है। सुबह की शुरुआत गुनगुना पानी से करें और कोशिश करें कि सुबह पानी के साथ कुछ दाने मेथी के लें या फिर लहसुन का इस्तेमाल करें। लहसुन जोड़ों के दर्द में आराम देने में मदद करता है। लंबे समय तक एक ही स्थान पर न बैठें। इससे मांसपेशियों में खिंचाव हो सकता है और गंभीर स्थिति में पानी भरने की समस्या भी देखी जा सकती है। इसलिए हल्का व्यायाम जरूर करें। (With inputs from IANS)


