नई दिल्ली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, संतुलित आहार की कमी और नियमित व्यायाम न करने के कारण मांसपेशियां तेजी से कमजोर हो रही हैं। इसके चलते पीठ और कमर दर्द, कमजोरी व पाचन संबंधी दिक्कतें आम होती जा रही हैं। ऐसे में मयूरासन एक प्रभावी योगासन है, जो इन समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक माना जाता है।

'मयूरासन' संस्कृत भाषा से लिया गया है, जो की दो शब्दों से मिलकर बना है। 'मयूर' यानी की 'मोर' के समान और आसन का अर्थ होता है 'मुद्रा'। इस योगासन को करने के दौरान शरीर की मुद्रा 'मोर' के समान दिखती है।

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने इस आसन के महत्व पर जोर दिया है। उनके अनुसार, यह एक उन्नत आर्म-बैलेंसिंग योग क्रिया है, जो मोर की तरह संतुलन बनाती है। इसको करने के दौरान शरीर का संतुलन बनाए रखते हुए हथेलियों पर शरीर का वजन संतुलित किया जाता है। इस आसन को करने के दौरान शरीर को जमीन से ऊपर उठाया जाता है, जिसमें कोहनियां पेट के पास होती हैं और पैर पीछे की ओर सीधे रहते हैं।

नियमित रूप से आसन करने से शारीरिक और मानसिक ताकत बढ़ती है तथा एकाग्रता और पूरे शरीर की मजबूती में सुधार होता है। हालांकि, यह आसन शुरुआती लोगों के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वहीं, कहा जाता है कि इसे करने से पहले कुछ योगासन अच्छे से करें, जैसे प्लैंक, चतुरंग दंडासन, बकासन, और अन्य हाथ-कलाई मजबूत करने वाले आसनों का अभ्यास जरूर करें। साथ ही, शुरुआत में योग प्रशिक्षक की देखरेख में ही इसका अभ्यास करना चाहिए, क्योंकि गलत तरीके से करने पर कलाई या कंधे में चोट लग सकती है।

इसको करने के लिए घुटनों के बल बैठें और दोनों पैरों के पंजों को पीछे मिला लें। सामने झुककर दोनों हथेलियों को जमीन पर रखें, उंगलियां पैरों की तरफ होनी चाहिए। कोहनियों को मोड़ें और उन्हें दोनों ओर पेट के नीचे टिकाएं। धीरे-धीरे शरीर का भार हाथों पर लाते हुए पैरों को पीछे सीधा फैलाएं। सांस बाहर छोड़ते हुए, सिर और पैरों को ऊपर उठाएं, ताकि पूरा शरीर जमीन के समानांतर हवा में रहे। शुरुआती दिनों में 20-30 सेकंड रुकें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं।

इस योगासन के फायदे तमाम हैं, लेकिन उच्च रक्तचाप, हर्निया, हृदय रोग या पेट के अल्सर वाले लोग इसे न करें। (With inputs from IANS)


IANSMayurasanaback pain reliefpoor dietlack of exercise

Topic:

मयूरासन पाचन को सुधारने और पीठ दर्द से राहत दिलाने में मदद करने वाला एक प्रभावी योगासन है।
Khushi Chittoria
Khushi Chittoria

Khushi Chittoria joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Editorial Intern. She holds a degree in Bachelor of Arts in Journalism and Mass Communication from IP University and has completed certifications in content writing. She has a strong interest in anchoring, content writing, and editing. At Medical Dialogues, Khushi works in the editorial department, web stories and anchoring.