नई दिल्ली: आज की आधुनिक जीवनशैली में बढ़ता काम का बोझ, लंबे समय तक स्क्रीन पर काम करना और असंतुलित दिनचर्या मानसिक तनाव और शारीरिक थकान को आम बना देती है। ऐसे में प्राचीन योग अभ्यास महामुद्रा शरीर को सशक्त बनाने और मानसिक व शारीरिक संतुलन सुधारने में प्रभावी साबित होता है।योग ग्रंथों में महामुद्रा को 'अमृत का सोपान' कहा गया है, जिसका अर्थ है कि यह अभ्यास शरीर के विषैले तत्वों को निकालकर नई ऊर्जा से भर देता है। 'महामुद्रा' एक संस्कृत शब्द से बना है। 'महा' का अर्थ है महान और 'मुद्रा' का अर्थ है वह स्थिति जो आनंद दे।

आयुष मंत्रालय और योगिक परंपराओं के अनुसार, महामुद्रा एक उन्नत हठयोग अभ्यास है, जो मानसिक शांति, शारीरिक ऊर्जा के संतुलन और आध्यात्मिक विकास के लिए अत्यंत प्रभावशाली है। यह तनाव कम करने, रक्त परिसंचरण में सुधार में सहायक मानी जाती है।

यह मुद्रा स्वाधिष्ठान चक्र को सक्रिय करती है, जिससे शरीर और मन की थकान दूर होती है। इसके अभ्यास से अपान वायु (पांच मुख्य प्राणों में से एक है, जो नाभि के नीचे 'पेल्विक क्षेत्र' में स्थित होती है) नियंत्रित रहती है, जो शरीर में सुप्त कुंडलिनी को जागृत करने में मदद करती है।

इसे करना बेहद आसान है, हालांकि शुरुआती साधक के लिए थोड़ा मुश्किल होता है, लेकिन नियमित करने से शरीर को कई तरह के लाभ मिल सकते हैं। इसे करने के लिए सबसे पहले सुखासन या पद्मासन की मुद्रा में आराम से बैठ जाएं। अब दोनों पैर आगे की ओर फैलाएं। दाएं को मोड़कर एड़ी को पेरिनियम (गुदा और जननेंद्रिय के बीच) के पास रखें। बाएं पैर को सीधा रखें। गहरी सांस लें और सांस रोककर (कुंभक) आगे झुकें।

दोनों हाथों से बाएं पैर के अंगूठे को पकड़ें। सिर को घुटने की ओर लाएं। मूलबंध (पेल्विक फ्लोर को सिकोड़ना) और जालंधर बंध (ठोड़ी को छाती से लगाना) लगाएं। कुछ सेकंड रुकें, फिर सांस छोड़ते हुए सामान्य हो जाएं। दूसरे पैर से भी दोहराएं। शुरुआत में 3-5 बार करें, धीरे-धीरे बढ़ाएं।

पीठ या रीढ़ की समस्या हो तो इस आसन को करने से पहले डॉक्टर या योग गुरु की सलाह लें। गर्भवती महिलाएं और उच्च रक्तचाप वाले लोग बिना विशेषज्ञ के परामर्श के न करें। (With inputs from IANS)

IANSmodern lifestylescreen time

Topic:

महामुद्रा अभ्यास से बढ़ते वर्क प्रेशर और स्क्रीन टाइम के तनाव को कम करें।
Dr. Bhumika Maikhuri
Dr. Bhumika Maikhuri

Dr Bhumika Maikhuri is a Consultant Orthodontist at Sanjeevan Hospital, Delhi. She is also working as a Correspondent and a Medical Writer at Medical Dialogues. She completed her BDS from Dr D Y patil dental college and MDS from Kalinga institute of dental sciences. Apart from dentistry, she has a strong research and scientific writing acumen. At Medical Dialogues, She focusses on medical news, dental news, dental FAQ and medical writing etc.