नई दिल्ली: गर्भावस्था किसी महिला के जीवन का बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील समय होता है। इस दौरान शरीर में हार्मोनल और शारीरिक बदलाव आते हैं, जिससे मां और भ्रूण दोनों की देखभाल आवश्यक हो जाती है। ऐसे समय में हल्की-फुल्की शारीरिक गतिविधियाँ और विशेष रूप से योग को दिनचर्या में शामिल करना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होता है।

गर्भावस्था के दौरान योग का सबसे बड़ा फायदा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा होता है। इस दौरान हार्मोनल बदलावों के कारण कई महिलाओं में तनाव, चिंता, अवसाद और मूड स्विंग जैसी समस्याएँ दिखाई देती हैं। नियमित योग और प्राणायाम करने से मन शांत रहता है, भावनात्मक संतुलन बना रहता है और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। इससे गर्भवती महिलाओं में घबराहट और बेचैनी की समस्या भी कम होती है।

योग का शारीरिक लाभ भी बहुत महत्वपूर्ण है। हल्के योग अभ्यास और श्वास तकनीकों से शरीर को पर्याप्त आराम मिलता है, नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है और शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। कुछ योगासन पेल्विक मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं, जिससे प्रसव के समय शरीर अधिक सहयोगात्मक होता है। शोधों के अनुसार, जो महिलाएँ गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से योग करती हैं, उनमें सामान्य प्रसव की संभावना बढ़ जाती है, प्रसव की अवधि कम होती है और दर्द भी अपेक्षाकृत कम महसूस होता है।

इसके अलावा, योग से कमर और पीठ दर्द जैसी आम समस्याओं में राहत मिलती है। जैसे-जैसे गर्भ बढ़ता है, शरीर का वजन और दबाव भी बढ़ता है, जिससे मांसपेशियों में तनाव और थकान महसूस होती है। नियमित योग अभ्यास शरीर की मांसपेशियों को मजबूत और लचीला बनाता है, जिससे यह दर्द और थकान कम करने में मदद करता है। इसके साथ ही, योग उच्च रक्तचाप को नियंत्रित रखने, शरीर में ऊर्जा बनाए रखने और शारीरिक सहनशक्ति बढ़ाने में सहायक होता है।

योग का लाभ केवल मां तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सकारात्मक असर गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी पड़ता है। जब मां मानसिक रूप से संतुलित और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहती है, तो भ्रूण का विकास भी बेहतर होता है।

हालांकि, गर्भावस्था में योग करते समय सावधानी बहुत जरूरी है। प्रत्येक महिला की शारीरिक स्थिति अलग होती है, इसलिए बिना विशेषज्ञ की सलाह के कठिन या नया योगासन करने से बचना चाहिए। हमेशा हल्के और सुरक्षित योग अभ्यास को ही अपनाना चाहिए और शरीर पर ज्यादा जोर नहीं डालना चाहिए। सही मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास से योग गर्भावस्था को सुरक्षित, स्वस्थ और तनावमुक्त बनाने में मदद करता है। (With inputs from IANS)

IANSPregnancy yogastress reliefsleep improvement

Topic:

गर्भावस्था में योग महिलाओं के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में मदद करता है।
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya

Kanchan Chaurasiya joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Marketing Coordinator. She holds a Bachelor's degree in Arts from Delhi University and has completed certifications in digital marketing. With a strong interest in health news, content creation, hospital updates, and emerging trends, Kanchan manages social media, news coverage, and public relations activities. She coordinates media outreach, creates press releases, promotes healthcare professionals and institutions, and supports health awareness campaigns to ensure accurate, engaging, and timely communication for the medical community and the public.