आज की बदलती जीवनशैली में लोग फिर से पारंपरिक और प्राकृतिक खाद्य पदार्थों की ओर लौट रहे हैं। इन्हीं में से एक है आमड़ा, जिसे वैज्ञानिक भाषा में स्पोंडियास पिन्नाटा कहा जाता है। खट्टा-मीठा स्वाद रखने वाला यह फल न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। विटामिन सी से भरपूर आमड़ा को आंवले के बाद इस विटामिन का एक प्रमुख प्राकृतिक स्रोत माना जाता है।

आमड़ा पाचन को बेहतर बनाने, इम्युनिटी बढ़ाने, त्वचा को निखारने और शरीर को अंदर से मजबूत रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है, जिससे कब्ज और पेट से जुड़ी कई समस्याओं में राहत मिलती है। साथ ही यह शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में भी सहायक होता है।

भारतीय रसोई में आमड़ा का उपयोग सदियों से होता आ रहा है। खासकर आमड़ा की चटनी और अचार बहुत लोकप्रिय हैं। कई क्षेत्रों में इससे सब्जी और चटपटी डिशेज भी बनाई जाती हैं। बिहार सहित पूर्वी भारत के राज्यों में आमड़ा ग्रामीण जीवन का अहम हिस्सा है। यहां यह फल प्राकृतिक रूप से उगने वाले पेड़ों पर आसानी से मिल जाता है और कई घरों में इसके पेड़ लगाए भी जाते हैं।

पोषक तत्वों की बात करें तो आमड़ा में विटामिन सी के अलावा आयरन, कैल्शियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये तत्व शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं और कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद करते हैं। एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों के कारण यह शरीर की सूजन को कम करने में भी सहायक माना जाता है।

आयुर्वेद में आमड़ा का विशेष स्थान है। इसके फल, पत्तियां, छाल और बीज अलग-अलग औषधीय गुणों के लिए उपयोग किए जाते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, आमड़ा भूख बढ़ाने, पाचन सुधारने, त्वचा रोगों में राहत देने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में उपयोगी है। बदलते मौसम में इसके सेवन से सर्दी-खांसी और संक्रमण से भी बचाव हो सकता है।

आमड़ा का मौसम मुख्य रूप से गर्मियों में आता है, जब ताजे फल बाजार में आसानी से उपलब्ध होते हैं। हालांकि, इसके अचार और चटनी साल भर खाए जा सकते हैं। कुल मिलाकर, आमड़ा स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है, जिसे रोजमर्रा की डाइट में शामिल कर शरीर को प्राकृतिक रूप से मजबूत और स्वस्थ रखा जा सकता है।

With Inputs From IANS

IANSAmbadaVitamin CRich FruitHealth Benefits

Topic:

आमड़ा या स्पोंडियास पिन्नाटा विटामिन C से भरपूर फल है, जिसे आंवले के बाद इसका बेहतरीन स्रोत माना जाता है।
Kanchan Chaurasiya
Kanchan Chaurasiya

Kanchan Chaurasiya joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Marketing Coordinator. She holds a Bachelor's degree in Arts from Delhi University and has completed certifications in digital marketing. With a strong interest in health news, content creation, hospital updates, and emerging trends, Kanchan manages social media, news coverage, and public relations activities. She coordinates media outreach, creates press releases, promotes healthcare professionals and institutions, and supports health awareness campaigns to ensure accurate, engaging, and timely communication for the medical community and the public.