तनाव दूर करने के जादुई तरीके, ये 5 ब्रीदिंग एक्सरसाइज आपको दिलाएंगी मानसिक शांति

एक गहरी सांस अंदर लें... और अब धीरे से बाहर छोड़ें. क्या आपको फर्क महसूस हुआ? आपकी सांस तनाव को कम करने और चिंता (Anxiety) मिटाने का सबसे शक्तिशाली टूल है. अगर आप सांस लेने के कुछ सरल अभ्यासों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें, तो यह आपके मानसिक स्वास्थ्य में बड़ा बदलाव ला सकते हैं. शुरू करने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखें: शांत जगह चुनें, आरामदायक कपड़े पहनें और जबरदस्ती सांस न खींचें. इसे रोज एक ही समय पर करने की कोशिश करें.
पेट से सांस लेना (Belly Breathing)
ज्यादातर लोग उथली सांसें लेते हैं, जिससे थकान और घबराहट बढ़ती है. 'बेली ब्रीदिंग' आपको गहरी सांस लेना सिखाती है. पीठ के बल लेट जाएं या कुर्सी पर आराम से बैठें. एक हाथ पेट पर और दूसरा छाती पर रखें. नाक से सांस लें और महसूस करें कि आपका पेट फूल रहा है (पेट वाला हाथ छाती वाले हाथ से ज्यादा हिलना चाहिए). अब धीरे से नाक से सांस छोड़ें.
ब्रेथ फोकस (Breath Focus)
इसमें गहरी सांस लेते समय मन में एक शांत चित्र या शब्द का प्रयोग किया जाता है. आंखें बंद करें, सांस लेते समय कल्पना करें कि हवा शांति और सुकून से भरी है.सांस छोड़ते समय कल्पना करें कि आपका तनाव बाहर निकल रहा है. मन में कहें, "मैं शांति अंदर ले रहा हूं, मैं तनाव बाहर छोड़ रहा हूं." इसे 10-20 मिनट तक करें.
समान समय अंतराल (Equal Breathing)
इसमें सांस लेने और छोड़ने के समय को बराबर रखा जाता है. नाक से सांस लेते हुए 5 तक गिनें. अब नाक से ही सांस छोड़ते हुए फिर से 5 तक गिनें. जब आप इसमें सहज हो जाएं, तो इस गिनती को 10 तक बढ़ा सकते हैं। यह एकाग्रता बढ़ाने में बहुत मददगार है.
प्रोग्रेसिव मसल रिलैक्सेशन (Muscle Relaxation)
इस तकनीक में आप सांस के साथ मांसपेशियों को सिकोड़ते और ढीला छोड़ते हैं. लेट जाएं. सांस लेते हुए अपने पैरों की मांसपेशियों को कसें (Tense करें) और सांस छोड़ते हुए उन्हें ढीला छोड़ दें. इसी तरह पैरों से शुरू कर चेहरे तक शरीर के हर हिस्से के साथ इसे दोहराएं.
मॉडिफाइड लायन ब्रीदिंग (Lion's Breath)
कल्पना करें कि आप एक शेर हैं और पूरे मुंह से सांस बाहर छोड़ रहे हैं. नाक से गहरी सांस लें और पेट को हवा से भर लें. जब और सांस न ले सकें, तो अपना मुंह जितना हो सके खोलें और "हा (HA)" की आवाज के साथ पूरी ताकत से सांस बाहर छोड़ें.


