नई दिल्ली– आयुर्वेद के अनुसार त्रिदोष – वात, पित्त और कफ – हमारे शरीर में संतुलन बनाए रखने वाली तीन मुख्य ऊर्जाएं हैं। ये त्रिदोष न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को नियंत्रित करते हैं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्थिति पर भी सीधा प्रभाव डालते हैं।

जब ये तीनों दोष संतुलित होते हैं, तो शरीर में ऊर्जा और स्वास्थ्य की अनुभूति होती है। लेकिन यदि किसी कारणवश इनका संतुलन बिगड़ जाए, तो विभिन्न प्रकार की शारीरिक और मानसिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए यह समझना आवश्यक है कि कौन सा स्वाद किस दोष को बढ़ाता है और कौन सा उसे संतुलित करने में मदद करता है।

आयुर्वेद में भोजन के छह मुख्य रस बताए गए हैं – मधुर (मीठा), अम्ल (खट्टा), लवण (नमकीन), कटु (तीखा), तिक्त (कड़वा) और कषाय (कसैला)। इन रसों का त्रिदोष पर अलग-अलग प्रभाव पड़ता है।

वात दोष, जो शरीर में गति, सूखापन और तंत्रिका तंत्र के लिए जिम्मेदार है, को तीखा, कड़वा और कसैला रस बढ़ा सकता है। अत्यधिक तीखा या कड़वा भोजन वात को असंतुलित कर सकता है, जिससे गैस, सूखापन, बेचैनी और जोड़ों में दर्द जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। वात को संतुलित रखने के लिए मीठा, नमकीन और खट्टा स्वाद फायदेमंद होता है। इसके अलावा, हल्का तैलीय और गर्म भोजन भी वात दोष को शांत करने में सहायक होता है।

पित्त दोष, जो शरीर की गर्मी और पाचन शक्ति से जुड़ा है, तीखा, खट्टा और नमकीन स्वाद द्वारा बढ़ाया जा सकता है। अत्यधिक मसालेदार या खट्टा भोजन पित्त दोष को बढ़ाकर एसिडिटी, जलन, चिड़चिड़ापन और त्वचा संबंधी समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। पित्त को नियंत्रित करने के लिए मीठा, कड़वा और कसैला स्वाद उपयोगी माना जाता है। ठंडे और हल्के भोजन जैसे ताजे फल और हरी सब्जियां पित्त को संतुलित करने में मदद करती हैं।

कफ दोष, जो शरीर में स्थिरता, नमी और ताकत को नियंत्रित करता है, मीठा, नमकीन और खट्टा स्वाद द्वारा बढ़ सकता है। इन स्वादों का अधिक सेवन करने से शरीर में भारीपन, सुस्ती, वजन बढ़ना और बलगम जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कफ दोष को कम करने के लिए तीखा, कड़वा और कसैला स्वाद लाभकारी है। हल्का, गर्म और मसालेदार भोजन कफ को संतुलित रखने में मदद करता है।

इस प्रकार, आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से अपने भोजन में इन रसों और उनके प्रभावों का ध्यान रखना शरीर और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। (With inputs from IANS)

IANSAyurvedaMental healthSalty taste

Topic:

आयुर्वेदिक आहार में विभिन्न स्वादों का हमारे शरीर के दोषों पर अलग प्रभाव होता है।
Khushi Chittoria
Khushi Chittoria

Khushi Chittoria joined Medical Dialogues in 2025 as a Media and Editorial Intern. She holds a degree in Bachelor of Arts in Journalism and Mass Communication from IP University and has completed certifications in content writing. She has a strong interest in anchoring, content writing, and editing. At Medical Dialogues, Khushi works in the editorial department, web stories and anchoring.