सिर्फ खाने-पीने की आदत नहीं, इन कारणों से भी बढ़ सकता है शुगर लेवल

लोग अक्सर सोचते हैं कि ज्यादा मीठा खाने से ही शुगर बढ़ता है, लेकिन इसके पीछे कई अन्य कारण भी होते हैं, जो हमारी रोजमर्रा की जीवनशैली से जुड़े होते हैं. इसलिए केवल खान-पान पर ध्यान देना ही काफी नहीं है. तमाम कारणों में एक बड़ी वजह है तनाव. जब हम लगातार तनाव में रहते हैं, तो शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है. ऐसे में लिवर से ग्लूकोज ज्यादा रिलीज होने लगता है, जिससे ब्लड शुगर बढ़ जाता है. इस वजह से लंबे समय तक तनाव में रहना डायबिटीज या हाई शुगर की ओर ले जा सकता है.
पर्याप्त और समय पर नींद लेना जरूरी
दूसरी वजह है नींद की कमी. अगर आप रोजाना 6 घंटे से कम सोते हैं, तो यह इंसुलिन सेंसिटिविटी को घटा देता है. इंसुलिन वह हार्मोन है जो ब्लड में ग्लूकोज को नियंत्रित करता है. नींद कम होने पर इंसुलिन ठीक से काम नहीं करता और शुगर लेवल बढ़ जाता है. इसलिए पर्याप्त और समय पर नींद लेना शरीर की ऊर्जा और शुगर संतुलन के लिए जरूरी है.
तीसरी वजह है कुछ दवाओं का सेवन, जैसे स्टेरॉयड. ये दवाएं शरीर में ग्लूकोज लेवल को बढ़ाने लगती हैं. अक्सर लोग इन्हें सिरदर्द, एलर्जी या अन्य सूजन वाली बीमारियों के लिए लेते हैं, लेकिन इनके लगातार उपयोग से ब्लड शुगर में बदलाव हो सकता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह से दवाइयां लेना बेहद जरूरी है.
इसके अलावा हार्मोनल समस्याएं जैसे थायरॉइड डिसऑर्डर या पीसीओएस (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम) भी शुगर बढ़ने का कारण बन सकती हैं. थायरॉइड या पीसीओएस में शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे ग्लूकोज ठीक से उपयोग नहीं होता और शुगर लेवल बढ़ सकता है.
एक और वजह है डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी. जब शरीर में पानी कम होता है, तो ब्लड ज्यादा गाढ़ा हो जाता है और ग्लूकोज का स्तर बढ़ जाता है. पर्याप्त पानी पीने से शुगर कंट्रोल में रहता है। साथ ही शरीर को ऊर्जा भी मिलती है
input IANS


